रविवार, 28 अप्रैल 2019

प्रशासनिक क्षेत्र में केरियर बनाने के लिये आजमाईश करें विद्यार्थी- गहलोत



लाडनूं में तहसील स्तरीय विशाल प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

लाडनूं। सैनी वल्र्ड इकोनॉमिक फोरम के तत्वावधान में स्थानीय सैनी अतिथि भवन में आयोजित तहसील स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में तहसील भर के कुल 206 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कृपाराम गहलोत नागौर ने कहा है कि सैनी समाज के बालक-बालिकायें शिक्षा के क्षेत्र में निरन्तर आगे बढ रहे हैं, यह समाज की प्रगति का द्योतक है। समाज की प्रतिभाओं को निरन्तर प्रोत्साहन देना समाज के लिये आवश्यक हिस्सा होना चाहिये। उन्होंने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को  प्रशासनिक क्षेत्र में अपना केरियर बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में फोरम के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य डा. श्रीचन्द तूनवाल ने विद्यार्थियों से कडी मेहनत करने की प्रेरणा देते हुये उन्हें फेसबुक, व्हाट्सअप आदि से दूर रहने की चेतावनी दी तथा कहा कि समाज की युवा प्रतिभायें केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि विविध क्षेत्रों में आगे बढ़े, तभी समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। माली सैनी विकास संस्थान जयपुर के राष्ट्रीय संयोजक रामगोपाल गहलोत ने कहा कि प्रतिभाएं समाज की धरोहर होती है। प्रतिभाओं के विकास में सहयोग करना व प्रोत्साहन करना समाज का कर्तव्य है। उन्होनें इस अवसर पर महिला शिक्षा पर बल देते हुए समाज की महिला प्रतिभाओं के विकास की ओर और अधिक ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश प्रकाश आर्य ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में इंदरचंद तंवर सुजानगढ, अजयपाल चौहान व जसकरण गहलोत मंचस्थ थे। प्रारम्भ में फोरम के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश आर्य ने संस्था व कार्यक्रम का परिचय प्रस्तुत करते हुये अतिथियों का स्वागत किया।
कुल 224 जनों का किया गया सम्मान
इस प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 10, 12, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं अन्य तकनीकी शिक्षा में सत्र 2016 से 18 के दरमियान अच्छे प्राप्तांको से उतीर्ण लाडनूं शहर के अलावा ग्राम मंगलपुरा, दुजार, डाबड़ी, सारडी, खानपुर के कुल 206 विद्यार्थियों का सम्मान करने के अलावा राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर खेल, सांस्कृतिक व अन्य गतिविधियों में जिला या राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली  प्रतिभाओं सहित कुल 224 जनों का सम्मान किया गय़ा। कार्यक्रम में सरकारी नौकरी में नव-नियुक्ति एवं राजकीय सेवाओं से किसी भी पद से सेवानिवृत्त होने वाले बंधुओं का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सैनी वल्र्ड इकोनॉमिक फोरम के प्रदेश मंत्री साहित्यकार डॉ. वीरेंद्र भाटी मंगल को उनके द्वारा लिखित पुस्तक घरेलु हिंसा को मानवाधिकार आयेाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर टेण्ट व्यवसायी समाजसेवी जंवरीमल पंवार एवं सैनी अतिथि भवन के व्यवस्थापक राजकुमार टाक का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा गीत एवं नृत्यों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में ग्राम डाबडी की सरिता सैनी व विमला माली द्वारा योग के विभिन्न आसनों का शानदार प्रदर्शन किया गया। समारोह में महाराजा सैनी संस्थान के संयोजक जगदीश यायावर, महेंद्र सिंह सांखला, अनोपचंद सांखला, बजरंगलाल यादव, भंवरलाल महावर,  गुलाब चंद चौहान, मालचंद टाक मंगलपुरा, शिवलाल टाक, रामनिवास सारड़ी, जितेंद्र पाल टाक, सुखवीर सिंह आर्य, मुकेश आर्य, रामचंद्र माली, भंवरलाल चौहान, गणपतलाल टाक, जितेन्द्र पंवार, हरजी सैनिक, संजीव प्रकाश आर्य, खीवराज मारोठिया, निर्मल आर्य, विमल मारोठिया आदि उपस्थित रहे। 

एक ऐतिहासिक शोध-

एक ही मूल से निकला है देश भर में फैला और विविध नामों से पुकारे जाने वाला सम्पूर्ण सैनी समाज

- जगदीश यायावर (सैनी)
आज देश भर में फैले सैनी, माली, कुशवाहा, शाक्य, मौर्य आदि विभिन्न नामों से पुकारे जाने वाले समुदाय के लोग अपने अलग-अलग नामों के पीछे की कहानी को अलग-अलग प्रकार से बताते हैं और वे इस असमंजस में रहते हैं कि हम सब एक ही हैं अथवा अलग-अलग हैं। ऐसे सवाल अनेक बार काफी जगहों पर सामने आते हैं। मेरे समक्ष भी ऐसे प्रश्न किये गये, इसी कारण मैंने इसका समाधान खोजने का प्रयास इतिहास में झांक कर किया है। देश-काल और परिस्थितियों और बताये गये इतिहास के कारण ही इस पूरे समाज के एक होने या नहीं होने के भ्रम फैल गये हैं। इतिहास में खोजने पर इसका कुछ समाधान अवश्य मिलता है। इस मार्शल कौम में अन्य कई नामों से पुकारे जाने वाले समुदाय भी इसी का अभिन्न हिस्सा है और इनमें एकता के लिये आजकल शुरू किये गये परस्पर विवाह-सम्बंधों को अधिक बढावा देने की जरूरत है।
सबका मूल है एक
सैनी कुल में आने वाले भागीरथी सैनी अपने आपकोे धरती पर गंगा का अवतरण करवाने वाले महाराज भागीरथ से जोड़ते हैं। माली कहे जाने वाला समुदाय अपने काम-धंधे के कारण माली कहलाया, क्योंकि इस जाति के लोग फलों और फूलों के बगीचे लगाने में माहिर थे और इसी कारण इन्हें माली, बागवान, फूलमाली आदि नामों से पुकारा जाने लगा। कुशवाहा कहे जाने वाला समुदाय अपने आपको भगवान श्रीराम के पुत्र कुश के वंशज मानते हैं। शूरसैनी या सैनी कहे जाने वाले सभी बंधुओं का मानना है कि वे भगवान श्रीराम के भाई शत्रुघ्न के पु़त्र शूरसेन हुये और शूरसेन के पुत्र महाराज सैनी थे और ये महाराजा सैनी ही सैनी वंश के प्रवर्तक माने जाते हैं। इसी प्रकार सैनी समाज के ही वंश में उत्पन्न महात्मा बुद्ध के वंशज शाक्य और सम्राट चन्द्रगुप्त के वंशज मौर्य कहलाये। इस सभी वंशों के अतीत में इनके एक ही मूल से निकलना सिद्ध होता है।
इक्ष्वाकु वंश से होता गया विस्तार
सबके आदि पुरूष माने जाने वाले विवस्वत मनु से सूर्यवंश एवं चन्द्र वंश स्थापित किये गये और उनका प्रसार हुआ। सूर्य वंश में कालान्तर में इक्ष्वांकु वंश, सगर वंश, रघुवंश, भागीरथी वंश, शूरसेन वंश आदि अनेक कुलों और वंशों की उत्पति हुई। वैवस्वत मनु के एक कन्या और 8 पुत्र माने गये हैं। इनमें सबसे बड़ा पुत्र इक्ष्वांकु थे, जिनकी राजधानी अयोध्या थी। इक्ष्वाकु की 19वीं पीढी बाद महान चक्रवर्ती सम्राट मान्धाता हुये। मान्धाता की 12 पीढी पश्चात राजा त्रिशंकु के पुत्र सत्यवादी राजा हरिश्चन्द्र हुये। हरिश्चन्द्र की 8वीं पीढी में राजा सगर हुये। राजा सगर के पौत्र अंशुमान और उसके पुत्र राजा दिलीप हुये। उनके बाद भागीरथी वंश के प्रवर्तक राजा भागीरथ हुये, जो महान तपस्या के बाद गंगा नदी को धरती पर लाये थे। भागीरथ के बाद 17वें वंश में रघुकुल या रघुवंश के संस्थापक राजा रघु हुये। राजा रघु के अज हुये और अज के राजा दशरथ हुये। दशरथ के 4 पुत्र थे- राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न। इनमें से सबसे बड़े भगवान राम थे, जिनके पुत्र कुश से कुशवाहा वंश चला। इनके छोटे पुत्र शत्रुघ्न के पुत्र शूरसेन हुये और शूरसेन के पु़त्र महाराजा सैनी हुये थे। इन्ही महाराजा सैनी को सैनी वंश का प्रवर्तक माना जाता है। आगे चलकर भगवान बुद्ध भी इसी वंश में हुए। उनसे शाक्य वंश प्रारम्भ हुआ। मौर्य वंश सूर्यवंश के महाराज मान्धाता के छोटे भाई मंधात्री के वंशज है। महाराजा चंद्रगुप्त मौर्य से मौर्य वंश प्रारम्भ हुआ। मौर्य के असली वंशज परमार हैं। भगवान बुद्ध, चन्द्रगुप्त मौर्य, सम्राट अशोक आदि सभी के पूर्व इसी वंश से हैं। माहुर या महावर कहलाने वाले माली और मुरार वंश भी इसी वंश से हैं। माहुर का अर्थ होता है पहले के। और मथुरा से उठे हुये ये माहुर प्रारम्भ के माली समाज के बंधु हैं।
क्या सैनी चन्द्रवंशी भी हैं
जहां भागीरथी सैनी अपने आपको सूर्यवंशी और इक्ष्वाकु वंशी मानते हैं, वहीं पंजाब के काफी सैनी अपने को चन्द्रवंशी और यदुवंशी भी मानते हैं। महाराजा सैनी को भी सूर्यवंश और चन्द्रवंश में माना जाता है। सूर्यवंश वाले जहां शत्रुघ्न के वंशजों को सैनी मानते हैं, वहां चन्द्रवंशी मानने वालों का मत दूसरा हैं। सैनी वंश के सम्बंध में दूसरा मत यह है कि सैनी यदुवंशी और चन्द्रवंशी थे और उनके वंश में भगवान कृष्ण का जन्म हुआ था। कहा जाता है कि इन सैनी राजाओं की वंशावली राजा धर्मपाल से शुरू होती है। इसमें 77वीं पीढी में कृष्ण मथुरा के राजा बने। यह कमान (कादम्ब वन) के चौसठ खंभा शिलालेख में है, जिसे किसी इतिहासकार ने आज तक चुनौती नहीं दी है। राजस्थान के करौली का राजघराना इन्हीं सैनी राजाओं का वंशज है। चौधरीलाल सैनी की ‘‘तारीख कुआम शूरसैनी’’ का मत है कि चंद्रवंशी राजा यदु की संतान को यादव कहा जाने लगा। इसी वंश में 42 पीढ़ियों के बाद क्षेत्र के आसपास एक शासक का जन्म हुआ, जिसका नाम राजा शूरसेन था। राजा शूरसेन ने मथुरा और आसपास के क्षेत्रों को नियंत्रित किया। इनके वंशजों को बाद में शूरसैनी या सैनी समुदाय कहा जाने लगा। लेकिन इनका मूल भी वैवस्वत मनु से ही प्रारम्भ होता है, जिनके पुत्र सूर्य और चन्द्र भाई थे। चन्द्र के पुत्र बुद्ध से चन्द्रवंश का प्रारम्भ हुआ और उसी से यदुवंश निकला था।
तोमर-जादों वंश के कहलाये सैनी
11वीं शताब्दी में भारत पर गजनी के मुसलमानों के आक्रमण शुरू हो गए और लाहौर की कबुलशाही राजा ने भारत के अन्य राजपूतों से सहायता मांगी। इसी दौरान दिल्ली और मथुरा के तोमर-जादों (सैनी) राजाओं ने राजपूत लश्कर पंजाब में किलेबन्दी और कबुलशाहियों की सुरक्षा के लिए भेजे। इन्होने पंजाब में बहुत बड़ा इलाका तुर्क मुसलमानांे से दुबारा जीत लिया और जालंधर में राज्य बनाया जिसकी राजधानी धमेड़ी (वर्तमान नूरपुर) थी। धमेड़ी का नाम  कृष्णवंशी राजा धर्मपाल के नाम से सम्बन्ध होना पूर्ण रूप से संभावित है और सैनी और पठानिआ राजपूतों की धमड़ैत खांप का सम्बन्ध इन दोनों से है। धमेड़ी का किला अभी भी मौजूद है और यहाँ पर तोमर-जादों राजपूतों का तुर्क मुसलमानो के साथ घमासान युद्ध हुआ। तोमर-जादों राजपूतों और गजनी के मुसलमानों का युद्ध क्षेत्र लाहौर और जालंधर (जिसमे वर्तमान हिमाचल भी आता है) से मथुरा तक फैला हुआ था। यह युद्ध लगभग 200 साल तक चले। इस दौरान मथुरा और दिल्ली से तोमर-जादों राजपूतों का पलायन युद्ध के लिए पंजाब की ओर होता रहा। तोमर और जादों राजपूतों की खांपे एक दूसरे में घी और खिचड़ी की तरह समाहित हैं और बहुत से इतिहासकार इनको एक ही मूल का मानते हैं (उदाहरण- टॉड और कन्निंघम)। इन राजवंशों के पूर्व मध्यकालीन संस्थापक दिल्ली के राजा अनंगपाल और मथुरा के राजा धर्मपाल थे। पंजाब, जम्मू और उत्तरी हरयाणा के नीम पहाड़ी क्षेत्रों के सैनी इन्ही तोमर-जादों राजपूतों के वंशज हैं, जो सामूहिक रूप से शूरसैनी/सैनी कहलाते थे। पहाड़ों पर बसने वाले डोगरा राजपूतों में भी इनकी कई खांपें मिली हुई हैं। तोमर राजवंश को कर्नल टॉड और कन्निंघम जैसे इतिहासकारों ने यदुवंशी माना है। दिल्ली और इंद्रप्रस्थ जहाँ तोमरों का शासन था, शूरसेन गणराज्य के मध्य में था, इसलिए इन तोमरों का सैनी कहलाये जाना स्वाभाविक था। पौराणिक कथा के अनुसार- महाभारत युद्ध के उपरान्त युधिष्ठिर ने श्री कृष्ण के पड़पौत्र वज्रनाभ को इंद्रप्रस्थ का राजा बनाया था और सात्यकि के पौत्र युगांधर को सरस्वती नदी के पूर्व का राजा बनाया, जो कि आज कल का हरयाणा प्रांत है। यह दोनों राजा यादव थे और शूरसैनी कहलाते थे ।
मालवे में बसने से बने माली
यह सबको ज्ञात है कि सैनी वंश की राजधानी मथुरा थी और यहां से ही सैनी पंजाब, हरियाणा होते हुये पूरे देश में फैले थे। सैनियों ने अफगानिस्तान तक का इलाका जीत लिया था। गजनी शहर सैनी/शूरसैनी राजा गज महाराज ने बसाया था। इतिहासकार राजा पोरस को भी शूरसैनी (अर्थात सैनी ) माना जाता है। शूरसैनियों के मालवे (मध्य प्रदेश) में जाकर मालव अर्थात माली के नाम से पहचाने जाने लगे। कालांतर में इन्हीं मालवों में से चक्रवर्ती सम्राट वीर विक्रमादित्य हुये थे, जिनके नाम से विक्रम सम्वत् का प्रारम्भ हुआ। यह विक्रम सम्वत छठी शताब्दी से पहले माली सम्वत के नाम से प्रसिद्ध होना भी बताया जा रहा है। इस प्रकार सूर्यवंश से उत्पन्न सैनी-कुल में भागीरथी, सैनी, शूरसैनी, कुशवाह, शाक्य, मौर्य, माली, माहुर, मुरार, काम्बोज आदि समाहित हैं।
सैनियों का था शूरसैन महाजनपद साम्राज्य
सैनी समाज की प्राचीनता और अतीत के महत्व को लेकर विभिन्न धार्मिक एवं पौराणिक ग्रंथों, यात्रा-वृतांत तथा ऐतिहासिक गं्रथों में काफी विवरण अंकित है। प्राचीन ग्रीक यात्री और भारत में राजदूत, मेगास्थनीज के अनुसार सैनियों की राजधानी मथुरा हुआ करती थी। एक अकादमिक राय यह भी बताई गई है कि सिकंदर महान के शानदार प्रतिद्वंद्वी प्राचीन राजा पोरस, कभी सबसे प्रभावी रहे, वे भी सैनी समाज से ही थे। मेगास्थनीज ने इस जाति को ‘‘सौरसेनोई’’ के रूप में वर्णित किया है, जिसे शूरसैनी का अपभ्रंश कहा जा सकता है। प्राचीन भारत के राजनीतिक मानचित्र में ऐतिहासिक ‘‘सूरसेन महाजनपद’’ अंकित किया गया है, जो सैनी समाज के गौरवशाली अतीत का द्योतक है। सैनियों ने इस सूरसेन महाजनपद साम्राज्य पर 11 ई. तक (मुस्लिम आक्रमण के प्रारम्भ तक) राज किया। अफगानिस्तार के गजनी शहर तक सैनियों का साम्राज्य था। गजनी शहर सैनी महाराजा गज का बसाया हुआ है।
प्रारम्भ से ही सैनी रही है यौद्धा कौम
सैनियों का पूर्व ब्रिटिश रियासतों, ब्रिटिश भारत और स्वतंत्र भारत की सेनाओं में सैनिकों के रूप में एक प्रतिष्ठित रिकॉर्ड है। सैनियों ने दोनों विश्व युद्धों में लड़ाइयां लड़ी और ‘‘विशिष्ट बहादुरी’’ के लिए कई सर्वोच्च वीरता पुरस्कार जीते। सूबेदार जोगिंदर सिंह, जिन्हें 1962 भारत-चीन युद्ध में भारतीय-सेना का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार, परमवीर चक्र प्राप्त हुआ था, वे भी सहनान उप जाति के एक सैनी थे। ब्रिटिश युग के दौरान, कई प्रभावशाली सैनी जमींदारों को पंजाब और आधुनिक हरियाणा के कई जिलों में जेलदार, या राजस्व संग्राहक नियुक्त किया गया था। सैनियों ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में भी हिस्सा लिया और सैनी समुदाय के कई विद्रोहियों को ब्रिटिश राज के दौरान कारावास में डाल दिया गया या फांसी चढ़ा दिया गया या औपनिवेशिक पुलिस के साथ मुठभेड़ में मार दिया गया था। राजस्थान के मारवाड़ राज्य में सैनी समाज को राजपूत समाज के समकक्ष माना जाकर उन्हें तत्कालीन समय में अपने नाम के साथ ‘‘सिंह’’ लगाने का अधिकार दिया था तथा राजपूतों व सैनी समाज के श्मशान शामिल ही थे। प्रसिद्ध इतिहासकार जगदीश सिंह गहलोत जोधपुर दरबार में मंत्री के रूप में सम्मानित थे।
- जगदीश यायावर, संयोजक,
महाराजा सैनी संस्थान, लाडनूं। मो. 9571181221

शुक्रवार, 12 अप्रैल 2019


महान सम्राट अशोक की 2363 वीं जन्माष्टमी के अवसर पर निकाला गया शोभायात्रा
अखण्ड भारत का फिर से निर्माण इस आयोजन का है मूल उद्देश्‍य : श्रीनाथ सिंह बौद्ध  

पटना। सम्राट अशोक किला स्थान (कुम्हरार पार्क) से महान सम्राट अशोक की 2363 वीं जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शोभा यात्रा का शुभारम्भ आज बौद्ध भिक्‍क्षुसंघ के बुद्ध बंदना एवं मंगल सूत्र पाठ से हुआ। बैण्ड बाजा के राष्ट्रीय धुन के साथ सम्राट अशोक का रथ गतिमान हुआउनके पीछे सैकड़ो बौद्ध भिक्‍क्षुसंघ तत्पश्चात विभिन्न विद्यालयों के छात्र/छात्रा देश के कोने-कोने से पधारे श्रद्धालु अतिथिहजारों की संख्या में स्थानिय नागरिक सम्राट अशोक अमर रहे बुद्ध शरण गच्छामिहमारा नारा-समता मैत्रीभाईचाराचन्द्रगुपत मौर्य अमर रहे का नारा लगाते हुए चल रहे थे। शोभा यात्रा के दोनों तरफ समता सैनिक दल के जवान एवं स्वयं सेवक विधिव्यवस्था सम्भाले हुये थे। शोभा यात्रा का जगह-जगह स्थानीय नागरिक फूलों की वर्षां कर अपना उल्लास प्रकट कर रहे थे।
शोभा यात्रा दिन के एक बजे दारोगा प्रसाद राय पथ स्थित गौतम बुद्ध विहार आया। जहाँ तथागत् बुद्ध को नमन कर कार्यक्रम की समाप्ति हुयी। उक्त अवसर पर आगत अतिथियों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए संस्था के अध्यक्ष श्रीनाथ सिंह बौद्ध ने कहाँ कि इस कार्यक्रम के आयोजन का मूल उद्देश्य अखण्ड भारत का फिर से निर्माण करना है। देश में अमन चैन एवं सुख शांति के लिए समता मूलक समाज निर्माण हेतु बातावरण तैयार करना होगा। अपने सम्बोधन में श्री बौद्ध ने कहा कि मौर्य वंश के शासन काल में भारत विश्व गुरू के दर्जा के साथ ही सोने की चिड़िया कहा जाता था जब देश में आज जैसे संचार व्यवस्था एवं आवागमन के साधन नहीं थे तब इसी पटना से सम्पूर्ण एशिया शासित थालोगों में आपसी भाईचारा एवं सहिष्णुता इस कदर थी कि किसी के घर में ताले नहीं लगते थे। सम्राट अशोक की नीतियों को अपनाकर ही हम फिर से विश्व गुरू बन सकते है।
कार्यक्रम प्रभारी एवं संस्था के महासचिव नागमणि कुशवाहा ने कहा कि देश का इतिहास लेखन में किये गये भेद भाव के कारण ही देश गुलाम हुआहमें फिर से सम्राट अशोक कालीन शासन व्यवस्था को अपनाना होगा जिससे आपसी सौहाद्र एवं शक्तिशाली राष्ट्र का निर्माण होगा। यदि हमें मौर्य कालीन व्यवस्था स्थापित करना है तो उस समय के रीति रिवाज एवं संस्कृति को फिर से स्थापित करना है तो उस समय के रीति रिवाज एवं संस्कृति को फिर से स्थापित करना होगा। आयोजन समिति की ओर से इस पावन अवसर पर अखण्ड भारत के समस्त नागरिकों को शुभ कामना व्यक्त करता हूँ। शोभा यात्रा में आयोजन समिति के उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह कुशवाहा,महासचिव सह कार्यक्रम प्रभारी नागमणि कुशवाहाकोषाध्यक्ष डाॅ. मुकेष कुमार अतिथि pappu कुशवाहा साथ ही हरिओम कुशवाहाविधाधर कुशवाहासुरेश प्रसादजय प्रकाश मौर्यजितेन्द्र कुशवाहाराज कुमार कुशवाहाडाॅ. विनोद कुमार कुशवाहामनोज कुशवाहामिथलेश कुशवाहाअजित कुमार वर्माराजेश कुशवाहाडा॰ अरविन्द्र कुमारउपेन्द्र सिंह कुशवाहा आदि मुख्य रूप से उपस्थित थेसाथ ही अखिल भारतीय युवा कुशवावाहा समाज के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। उक्त अवसर पर सर्वसम्मति से एक प्रसताव पारित किया गया जिसमें पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय से एक प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें पाटलिपुत्रा विश्वविद्यालय का नामकरण सम्राट अशोक विश्वविद्यालय करनेगाँधी मैदान का नाम सम्राट असौक मैदान करने एवं जीरों माईल पर सम्राट अशोक की मूर्ति लगाने सम्बन्धी माँग प्रमुख है।